भारत में कोरोना वायरस के कुल मामले 10 लाख के पार कर हैं. देश में कोरोना वायरस की रफ्तार बढ़ी, बीते 3 दिनों में ही एक लाख से ज्यादा केस आए हैं, कुल संक्रमितों की संख्या 10 लाख 5 हजार 871 हो गई है। दुनिया में ये आंकड़ा पार करने वाला भारत सिर्फ तीसरा देश है। देश में कोरोना वायरस के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं और हर रोज 35 हजार के करीब मामले सामने आ रहे हैं। जैसे-जैसे टेस्टिंग बढ़ रही है, वैसे-वैसे ही हर रोज नए रिकॉर्ड बनते और टूटते हुए दिख रहे हैं।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश समेत ऐसे कई राज्य हैं जहां पर हर रोज हजारों की संख्या में केस आ रहे हैं, जो देश में आने वाले वक्त में कोरोना वायरस की लड़ाई को और भी मुश्किल कर सकते हैं। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि ज्यादातर मरीज ठीक हो रहे हैं। बीते 1 हफ्ते में ही देखें तो 2.10 लाख से ज्यादा केस दर्ज किए जा रहे हैं, लेकिन इस दौरान 1.40 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो गए।
जिन राज्यों में हर रोज सबसे अधिक मामले आ रहे हैं:-
राज्य | केस 24 घंटे में | कुल केस |
महाराष्ट्र | 8641 | 2.84 लाख |
तमिलनाडु | 4549 | 1.56 लाख |
दिल्ली | 1652 | 1.18 लाख |
कर्नाटक | 4169 | 51 हजार |
उत्तर प्रदेश | 2058 | 43 हजार |
आंध्र प्रदेश | 2593 | 38 हजार |
बिहार | 1385 | 21 हजार |
पश्चिम बंगाल | 1690 | 36 हजार |
तेलंगाना | 1676 | 41 हजार |
गौरतलब है कि देश में करीब दस राज्य ऐसे हैं, जहां कुल केसों का अधिकतर हिस्सा है। ऐसे में इन राज्यों को लेकर लगातार चिंता बढ़ रही है। अगर टेस्टिंग के आंकड़ों को देखें तो अब हर 3 दिन में 10 लाख टेस्ट किए जा रहे हैं और 1 लाख केस सामने आ रहे हैं। यानी देश में अभी भी पॉजिटिविटी रेट 10% के आस-पास बना हुआ है।
अगर देश में कोरोना वायरस की रफ्तार को देखें तो शुरुआती 1 लाख मामले में करीब 110 दिन लगे थे. लेकिन उसके बाद ये रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। अब पिछले 2 लाख मामले सिर्फ 6 दिनों में आए हैं, यानी हर 3 दिन में 1 लाख नया केस सामने आ रहे है। रोज आने वाले केस के मामले में भारत अब सिर्फ अमेरिका से ही पीछे है।
कोरोना की दर्दनाक तस्वीर, चौखट पर दम तोड़ा दवा लेने आया मरीज!